गांव-गांव जाकर गेहूं खरीद का आदेश सिर्फ फाइलों तक ही सीमित है। मोबाइल क्रय केंद्र कहीं भी नहीं पहुंच रही है। स्थिति यह है कि फूलपुर में तो गांव में जाकर बिल्कुल ही गेहूं की खरीद नहीं हो पाई है। किसी गांव में मोबाइल टीम नहीं पहुंची। कम खरीद के पीछे बाजार में गेहूं की अच्छी कीमत मिलने के साथ अफसरों एवं क्रय केंद्रों की यह लापरवाही भी बड़ी वजह बताई जा रही है।
सरकारी क्रय केंद्रों के प्रति किसानों की बेरुखी देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं विपणन विभाग की ओर से गांव-गांव जाकर गेहूं खरीद की योजना बनाई गई है। इसलिए सभी गेहूं क्रय केंद्रों को मोबाइल क्रय केंद्र में तब्दील कर दिया गया है।
इसके तहत प्रयागराज जिले में 93 क्रय केंद्र खोले गए हैं और ये सभी केंद्र गांव-गांव जाकर भी गेहूं की खरीद कर सकते हैं लेकिन सच्चाई इसके विपरीत है।
फूलपुर तहसील में रूदापुर गांव के अमित कुमार का कहना है कि उनके पास 30 बोरी गेहूं है। गांव में ही इसकी बिक्री के लिए मार्केटिंग इंस्पेक्टर से बात की थी लेकिन कोई नहीं आया। मेजा के निबइया पहाड़पुर के किशोरी लाल पटेल क्षेत्र के बड़े किसानों में शामिल हैं। उनका कहना है कि सरकारी क्रय केंद्र का कोई भी गांव में नहीं आया।
अमीलिया कला के श्यामजी दुबे, चपरतला के शशिकांत का भी कहना है कि कहीं भी गांव में खरीद नहीं हो रही। व्यापारी ही गांव में आकर गेहूं की खरीद कर रहे हैं।
वहीं, फूलपुर के मार्केटिंग इंस्पेक्टर विपिन कुमार शुक्ला का कहना है कि कम से कम जहां 360 बोरी गेहूं होगी वहीं टीम जाकर खरीद करेगी। अन्यथा, किसानों को क्रय केंद्र पर ही लाकर गेहूं की बिक्री करनी होगी।
000
बाजार में मिल रही अच्छी कीमत तो क्यों जाएं क्रय केंद्र
- सरकारी क्रय केंद्र पर मजदूरी मिलाकर 2445 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीद की जा रही है। बनिया भी 2400 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक कीमत पर गेहूं की खरीद कर रहे हैं। वे घर पर जाकर गेहूं ले रहे हैं। इसके अलावा गेहूं की गुणवत्ता को लेकर भी किसी तरह की पाबंदी नहीं है। इसलिए किसान व्यापारियों को गेहूं बेचना पसंद कर रहे हैं। इसके अलावा आने वाले दिनों में गेहूं की कीमत में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। इसलिए बड़ी संख्या में किसान अभी गेहूं बेचने के लिए भी तैयार नहीं है। मेजा के निबइया पहाड़पुर के किशोरी लाल पटेल का कहना है कि अभी गेहूं की पैदावार हुई है। इसलिए बाजार में अभी गेहूं की कीमत कुछ कम हुई है। आने वाले दिनों में इसमें इजाफा की उम्मीद है। इसलिए अभी गेहूं नहीं निकाल रहे। कीमत बढ़ने पर ही गेहूं की बिक्री करेंगे।
000
गेहूं की खरीद शुरू है। गांव-गांव जाकर गेहूं की खरीद का आदेश दिया गया है। गेहूं 2445 रुपये प्रति क्विंटल की दर से ली जा रही है। ज्यादातर गेहूं की खरीद गांव में जाकर ही की गई है। क्रय केंद्र पर बहुत कम किसान आ रहे हैं। हालाकि, अब गेहूं खरीद में तेजी आई है। गांव-गांव जाकर भी किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है कि सरकारी केंद्रों पर ही गेहूं की बिक्री करें। गेहूं की बिक्री के लिए अब किसी तरह की पाबंदी भी नहीं रह गई है। बस किसान को पंजीकरण कराना है। वे चाहे जितना गेहूं बेच सकते हैं। किसी तरह के दस्तावेज या सत्यापन की जरूरत नहीं होगी। गांव में मोबाइल टीम के नहीं पहुंचने की शिकायत है या किसान को गेहूं बेचनी है तो वे मेरे मोबाइल नंबर 9415280021 एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी के मोबाइल नंबर 8299306045 पर फोन कर सकते हैं।
बीसी गौतम, क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी
000
मंडल के आंकड़े
- 265 क्रय केंद्र हैं सक्रिय
- 114500 मीट्रिक टन खरीद का है लक्ष्य
- 11300 मीट्रिक टन की हुई खरीद
- 20000 मीट्रिक टन हुई थी पिछले वर्ष कुल खरीद
000
जिले के आंकड़े
- 93 क्रय केंद्र हैं सक्रिय
- 37500 मीट्रिक टन है लक्ष्य
- 6500 मीट्रिक टन की हुई है खरीद
- 8000 मीट्रिक टन की हुई पिछले वर्ष कुल खरीद