एजी आफिस के कर्मचारी विनय गुप्ता के खाते से साइबर शातिरों ने ईमेल आईडी अपडेट कराने के नाम पर एक लाख 82 हजार उड़ा दिए। विनय ने तुरंत साइबर थाने से संपर्क किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आनलाइन पेमेंट प्लेटफार्म से संपर्क किया और एक लाख 19 हजार वापस करवा दिए।
एजी आफिस के कर्मचारी विनय गुप्ता को 25 अक्टूबर 2021 को फोन आया था कि वह अपना ईमेल अपडेट करा लें नहीं तो उनका क्रेडिट कार्ड ब्लाक हो जाएगा। विनय ने फोन करने वाले से ही अपडेट करने को कह दिया। उन्होंने अपना ईमेल एड्रेस तो बताया ही साथ में क्रेडिट कार्ड की अन्य जरूरी जानकारियां भी साइबर शातिर तो दे दी। कुछ देर बाद उनके खाते से एक लाख 82 हजार रुपये कट गए।
विनय ने इसकी जानकारी साइबर थाने को दी। इंस्पेक्टर राजीव तिवारी ने बताया कि इस मामले में बैंक और आनलाइन पेमेंट प्लेटफार्म से संपर्क कर ट्रांजैक्शन रोका गया लेकिन 60 हजार निकाल लिए गए थे। बुधवार को विनय के खाते में एक लाख 19 हजार 545 रुपये वापस आ गए।