इलाहाबाद। नागपंचमी पर्व बुधवार को धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने मंदिरों, घरों में नागदेवता का विधिविधान पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। शिवालयों में सुख समृद्धि के लिए रुद्राभिषेक हुआ। मंदिरों में सुबह से लेकर देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सुबह से घरों में नागदेवता की पूजा-अर्चना शुरू हुई। घर के मुख्यद्वार के दोनों ओर गोबर या कोयले से नाग-नागिन की आकृति बना उसका दूध दही, लावा, भात नैवेद्य से पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने नाग देवता के लिए दूध इस विश्वास के साथ घर के आसपास रखा कि इसे नाग देवता ग्रहण कर उनके वंश परिवार को सुख सौभाग्य का आशीर्वाद देंगे।
नागवासुकि मंदिर, तक्षकेश्वर महादेव, मनकामेश्वर आदि शिव मंदिरों में महारुद्राभिषेक कराने वालों का तांता लगा रहा। दरियाबाद स्थित तक्षकेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक और कालसर्प योग शमन के लिए अनुष्ठान हुए। शाम को कौड़ी, शंख से तक्षकेश्वर महादेव का शृंगार पीठाधीश्वर रविशंकर की देखरेख में किया गया। दारागंज स्थित नागवासुकि मंदिर में कार्लसर्प मुक्ति, विषबाधा मुक्ति आदि के निमित्त अनुष्ठान किए गए। पुजारी श्यामधर त्रिपाठी की देखरेख में नागवासुकी का शृंगार फूलों, चांदी के छत्र एवं रत्नों से हुआ। मुट्ठीगंज स्थित सिद्धपीठ श्री भोलेगिरि महादेव मंदिर में फूलों शृंगार हुआ। नाग देवता के दर्शन कराने को शिवालयों के आसपास सपेरे मौजूद रहे।
नागपंचमी पर्व पर मनकामेश्वर महादेव मंदिर भक्त मंडल की ओर से मनकामेश्वर मंदिर में भंडारा हुआ। भंडारा सुबह मंगला आरती के बाद शुरू हुआ जो रात शृंगार आरती तक अनवरत चला। भक्त मंडल के शिवदानी प्रजापति की देखरेख में आयोजित भंडारे में प्रसाद पाने को श्रद्धालुओं का तांता लगा। मां गंगा सेवा समिति की ओर से यमुना बैंक रोड स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में भी भक्तों ने रूद्राभिषेक किया।
नाग पंचमी की शाम को तालाबों के पास गुड़िया का मेला लगा। गुड़िया का तालाब, ककरहा घाट, बलुआघाट, कटरा सहित तक्षक तीर्थ और बक्शी त्रिमुहानी से लेकर नागवासुकि मंदिर तक मेला लगा। मेला को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रिवाज के मुताबिक बहनों की बनाई गुड़िया को भाइयों ने तालाब में डुबाकर पीटा। उसके बाद शुरू हुआ मेले में खरीदारी का सिलसिला। युवतियों ने सड़क किनारे लगे बिसातखानों से शृंगार सामग्री खरीदी। मेले में बच्चों की मौज रही। मेले में आए हर एक बच्चे ने गुब्बारा, खिलौने खरीदे। युवाओं के साथ बुजुर्गों ने भी चाट-पकौड़ी का स्वाद चखा। मिठाई की दुकानों पर अनरसा और घेवर खरीदने वालों की लाइन लगी रही।
परंपरा के मुताबिक नागपंचमी पर शहर की विभिन्न व्यायामशालाओं में दंगल का आयोजन हुआ।
प्रकाश पहलवान एवं प्रयागराज सेवा समिति की ओर से रघुनाथ दास व्यायामशाला दंगल प्रतियोगिता हुई। दो वर्गों में होने वाली प्रतियोगिता में जिले भर से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। जूनियर वर्ग में अंशु गुप्ता, नितिन गुप्ता, अरुण निषाद एवं हर्ष निषाद ने बाजी मारी। सीनियर वर्ग में सुभाष गुप्ता, राकेश कुमार यादव, रविनिषाद एवं गौतम ने कुश्ती के बेहतरीन दांवपेंच दिखाकर विजय हासिल की। प्रयागराज सेवा समिति की ओर से पहलवान प्रकाश एवं राजबहादुर को सम्मानित किया गया।
लोकनाथ व्यायामशाला में आयोजित दंगल कार्यक्रम में अब्बास हैदर ने 90 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथन स्थान हासिल किया। किशन शर्मा 85 किलोग्राम उठाकर दूसरे स्थान पर रहे। उसके बाद व्यायामशाला के कोच देवकीनंदन पांडेय की देखरेख में कुश्ती हुई। इस अवसर पर महापौर अभिलाषा गुप्ता, कमल सरदार, विमलचंद्र मोहिले, गोपाल जी मालवीय, विजय नारायण मालवीय, पप्पू जी चौरसिया, शिवशंकर पांडेय आदि उपस्थित रहे। संचालन रविंद्र पांडेय ने किया। कल्याणी देवी मंदिर में महामंत्री श्याम जी पाठक की देखरेख में दंगल हुआ।