मनबढ़ बदमाश ने कोतवाली के बगल स्थित बैंक के अंदर घुसकर मिनी बैंक संचालक की डेढ़ लाख की नकदी पार कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से बैंक में खलबली मच गई। बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फूलपुर पुलिस बदमाश की तलाश कर रही है।
फूलपुर के इफको पुलिस चौकी क्षेत्र के पाली गांव के रहने वाले प्रवीण कुमार पटेल फूलपुर कोतवाली के बगल स्थित यूनियन बैंक की शाखा के अंदर यूनियन बैंक की मिनी बैंक शाखा संचालित करते हैं। दोपहर करीब 12 बजे अचानक एक किशोर बैंक के अंदर घुसा और मौके का फायदा उठाते हुए बदमाश ने केबन में रखे प्रवीण कुमार के करीब डेढ़ लाख रुपये पार कर दिए।
थोड़ी देर बाद जब प्रवीण ने देखा तो रुपये गायब थे। सूचना पर फूलपुर पुलिस भी मौके पर आई और सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। जिसमें 16 वर्षीय एक किशोर बैंक के अंदर आता नजर आया। भुक्तभोगी ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसीपी फूलपुर पंकज लवानिया कहना है कि बैंक के अंदर से डेढ़ लाख रुपए बदमाश द्वारा ले जाने की घटना की जानकारी मिली है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
बैंक के अंदर संचालित हो रही मिनी बैंक शाखा और आधार सेंटर
ग्रामीणों का कहना है कि यूनियन बैंक की फूलपुर शाखा के अंदर एक और मिनी शाखा संचालित कराए जाने के साथ ही आधार सेंटर भी संचालित हो रहा है। जिसके चलते बैंक में प्रतिदिन भारी भीड़ जमा रहती है। जिस वजह से चोरी, छिनैती की घटना बढ़ गई है। संवाद