इलाहाबाद। आम मुसाफिरों के लिए रविवार का दिन मुश्किल भरा साबित हुआ। पीसीएस जे, ग्रामीण बैंक और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित भर्ती परीक्षा में परीक्षार्थियों की भारी भीड़ की वजह से जंक्शन से गुजरने वाली सभी प्रमुख ट्रेनें यात्रियों से ठसाठस हो गई। भीड़ की वजह से प्रमुख ट्रेनों के स्लीपर कोचों का हाल जनरल कोच सरीखा हो गया। भीड़ के चलते आज नौचंदी एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से रवाना नहीं हो सकी।
तीन बड़ी भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए आज हजारों की संख्या में परीक्षार्थी बाहरी जिलों से यहां आए हुए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद अपने गंतव्य की ओर जाने वाली जो भी ट्रेन परीक्षार्थियों को मिली वे उसी में चढ़ गए। प्रमुख ट्रेनों के स्लीपर कोचों की आरक्षित सीटों में बैठने को लेकर परीक्षार्थियों की यात्रियों से खूब झड़प हुई।
शाम को मेरठ जाने के लिए जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर खड़ी संगम एक्सप्रेस के तमाम स्लीपर कोचों में परीक्षार्थियों ने कब्जा कर लिया। हालांकि आरपीएफ ने खासी मशक्कत के बाद कुछ कोचों से लड़कों को उतारा भी, लेकिन फिर भी तमाम छात्र स्लीपर कोचों से ही रवाना हुए। इस बीच सहारनपुर जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस में भी बैठने को लेकर कुछ परीक्षार्थियों की यात्रियों से भिड़ंत हो गई। मुरी एक्सप्रेस, जोधपुर, चौरीचौरा एक्सप्रेस आदि ट्रेनों के भी आरक्षित कोचों में बैठे यात्रियों को अपनी बर्थ परीक्षार्थियों से साझा करनी पड़ी।