थरवई के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा एक युवक प्रयागराज की ओर आ रही पूर्वा एक्सप्रेस को आता देखकर अपनी बाइक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि रात 8.30 बजे के आसपास गाड़ी संख्या 02381 पूर्वा एक्सप्रेस फाटक संख्या 35 सी डेरागदाई के पास पहुंची। इस दौरान एक युवक फाटक पार करने की कोशिश कर रहा था। लेकिन तेज रफ्तार से आ रही पूर्वा एक्सप्रेस देखकर वह भाग खड़ा हुआ।
आपाधापी में वह अपनी बाइक रेलवे ट्रैक पर ही छोड़ गया। इस दौरान पूर्वा के इंजन की बाइक से टक्कर होने से वहां तेज आवाज आई। बाइक भी काफी दूर जाकर गिर गई। आनन फानन में ट्रेन ड्राइवर में वहां ब्रेक लगाकर उसे रोका। ट्रेन के तमाम यात्री भी बाहर उतर आए। लोको पॉयलट द्वारा कंट्रोल रूम को सूचना दिए जाने के बाद आरपीएफ एवं तमाम रेलकर्मी मौके पर पहुंच गए। इंजन की जांच करने के बाद रात 8.55 बजे उसे ओके कर दिया गया। इसके बाद ट्रेन रात 9.35 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंची।