इलाहाबाद। कीडगंज पुलिस को छह माह बाद अदालत के आदेश पर एक युवती और उसकी बेटी को जलाकर मारने के मामले में ससुरालियों के खिलाफ आखिरकार हत्या का मुकदमा दर्ज करना पड़ा।
कीडगंज के रहने वाले रामबाबू सोनकर ने 2007 में अपनी बेटी पूजा का विवाह कीडगंज इलाके के ही अजय सोनकर के साथ किया था। रामबाबू का आरोप है कि ससुराल वाले उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उसे कभी मायके नहीं भेजा जाता था। पूजा अपनी भतीजी की शादी में ससुरवालों की खिलाफत के बाद भी चली आई थी तो उसे पति अजय जबरन मायके से ले गया था। रामबाबू का आरोप है कि 28 अप्रैल को उनकी बेटी और नातिन को जलाकर मार दिया गया। पूजा के बेटे तासु ने पूरी घटना देखी उसने पूछने पर बताया। रामबाबू ने पूजा के पति अजय, चचिया ससुर मुनक्का, शिवराम और एक अन्य जानू के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए कीडगंज थाने में शिकायत की। कीडगंज पुलिस टालमटोल करते हुए एफआईआर लिखने में हीलाहवाली करती रही। पुलिस अफसरों से की शिकायत की गई, तब भी केस नहीं दर्ज हुआ। आखिरकार रामबाबू ने अदालत की शरण ली। एसओ कीडगंज उदयवीर सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर पूजा की मौत के मामले में ससुराल वालों पर हत्या का मुकदमा लिखकर जांच की जा रही है।