दुर्गापुर गांव में भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष के घर कुर्की का नोटिस चस?
- फोटो : KAUSHAMBI
नेवादा। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में निवासी भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भरत भूषण द्विवेदी के घर शनिवार को पुलिस ने कुर्की करने का नोटिस चस्पा किया है। दो साल पहले मौजूदा ग्राम पर जानलेवा हमला के वह आरोपी हैं। तमाम प्रयास के बाद भी पुलिस भाजपा नेता को गिरफ्तार नहीं कर सकी। अदालत के आदेश पर पुलिस ने न सिर्फ कुर्की का नोटिस चस्पा किया बल्कि गांव में मुनादी भी कराई।
दुर्गापुर गांव में एक जून 2020 की देर शाम रंजिश को लेकर मुनेश्वर मिश्र व वर्तमान ग्राम प्रधान वरुण पांडेय के घर पर चढ़कर भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भरत भूषण द्विवेदी, शिवभूषण द्विवेदी, रविभूषण द्विवेदी, हरिभूषण द्विवेदी, जयप्रकाश द्विवेदी, ओमप्रकाश द्विवेदी, लव द्विवेदी, इंद्रेश, सुंदर द्विवेदी, अनूप द्विवेदी, दीपक द्विवेदी, सतीश द्विवेदी, लल्ला तिवारी, अंबिका तिवारी ने फायरिंग की थी।
इस मामले में मुनेश्वर मिश्र व वरुण पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन, अभियुक्त पकड़े नहीं जा सके। इसी मामले में चौकी इंचार्ज लोधौर शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फायरिंग के आरोप में वांछित अभियुक्तों के खिलाफ संपत्ति कुर्क करने का आदेश हुआ है। शनिवार को पुलिस ने सभी आरोपियों के घर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है। साथ ही गांव में मुनादी करवाकर ग्रामीणों को भी इसकी जानकारी दी गई है।