अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद एवं शहीद-ए-आजम भगत सिंह स्मारक समिति की ओर से बृहस्पतिवार को चंद्रशेखर आजाद प्रतिमा स्थल पर जलियांवाला बाग कांड के शहीदों को नमन किया गया। पुलिस बल के जवानों ने शहीदों के सम्मान में 21 गन शाट फायर कर सलामी दी। फिर पुलिस बैंड की ओर से राष्ट्रधुन बजाकर भी सम्मान प्रकट किया गया। शहीदों के नाम फूल चढ़ाने के बाद उनकी स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक संजय गुप्ता ने कहा, शहीदों का सम्मान ही देश का सच्चा सम्मान है। हमें शहीदों के सपनों का देश बनाना होगा।
इसी क्रम में विशिष्ट अतिथि अटल राय, नगर मजिस्ट्रेट अंबरीश श्रीवास्तव ने भी खूनी बैसाखी के घटनाक्रम का उल्लेख किया। कार्यक्रम अध्यक्ष राजू जायसवाल ‘मरकरी’ ने चंद्रशेखर आजाद पार्क के महत्व को रेखांकित किया। कहा, जरूरी है कि नई पीढ़ी भी उन अमर शहीदों के बारे में जाने। उनकी शहादत से प्रेरणा ले।
अनेक स्कूलों के विद्यार्थियों ने गायन, वादन, नृत्य, लघुनाटिका जैसी विविधतापूर्ण प्रस्तुतियों से मंत्रमुग्ध किया। राजकुमार अंजाना, नजीब इलाहाबादी आदि ने रचनापाठ किया। संचालन राज बहादुर गुप्ता और धन्यवाद ज्ञापन श्रीबल्लभ मिश्र ने किया। कार्यक्रम में आरएस यादव, प्रो श्याम बिहारी, प्रो.कृष्ण मुरारी, अमर वैश्य मुन्ना भइया, किशोर वार्ष्णेय, विशाल गुप्ता सहित समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग मौजूद थे।
अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद एवं शहीद-ए-आजम भगत सिंह स्मारक समिति के संयोजक राजू जायसवाल की अध्यक्षता में हुई समिति के वरिष्ठ सदस्यों की सभा में हवाई हड्डे का नाम अमर शहीद चंद्र शेखर आजाद के नाम पर किए जाने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया। इस बारे में समिति के सदस्य जल्द ही राज्य और केंद्र सरकार से संपर्क साधेंगे।