इलाहाबाद (ब्यूरो)। देवशिल्पी विश्वकर्मा की जयंती बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाई गई। अभियांत्रिकी से जुड़े संस्थानों, गैराजों, फैक्ट्रियों, कार्यशालाओं में आरती, पूजन, भंडारा हुआ तो समाज के लोगों ने एकजुटता सहित देश की प्रगति का संकल्प लिया। पूजन से पहले उपकरणों, मशीनों की सफाई की गई और पूजा के बाद मशीनी कामकाज बंद रहा। विश्वकर्मा जयंती पर राजकीय मुद्रणालय, प्रिंटिंग स्टेशनों, कारखानों इलाहाबाद कैंटोनमेंट बोर्ड की कार्यशाला, रेलवे की लोको शाखा, जंक्शन पर पुरानी पानी टंकी परिसर, बीएसएनएल, रोडवेज के सभी डिपो, क्षेत्रीय कर्मशाला, बिजली विभाग के सभी उपकेंद्रों, वर्कशाप, गैराजों, पीडब्ल्यूडी की कर्मशाला, सिंचाई विभाग, नगर निगम, जल संस्थान की कर्मशालाओं, नलकूपों में भी भगवान विश्वकर्मा सहित उपकरणों, मशीनों की पूजा की गई।
कीडगंज और खुल्दाबाद मंदिरों में भी पूजा अर्चना की गई। विश्वकर्मा पांचाल ब्राह्मण नगर सभा की ओर से श्री विश्वकर्मा पूजा समारोह विश्वकर्मा मंदिर नई बस्ती कीडगंज में किया गया। इस दौरान सभा की पत्रिका के पांचवें अंक का विमोचन भी किया गया।
वायर मेंस इलेक्ट्रीकल्स वर्कर्स वेलफेयर सोसायटी की ओर से विश्वकर्मा पूजन किया गया। मुख्य अतिथि आदर्श जायसवाल, विशिष्ट अतिथि पीके अग्रवाल और संरक्षक एमसी ने वायरमैनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान फूलचंद्र प्रजापति, गौरी शंकर, रवि कुमार, लालन प्रसाद, राजू कुमार समेत काफी संख्या में वायरमैन, इलेक्ट्रीशियन, बिजली मिस्त्रियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। युवा सद्भावना हेला समिति की ओर से ताड़बाग मलिन बस्ती में भगवान विश्वकर्मा और औजारों की पूजा अर्चना की गई। इस मौके पर विकास प्रताप सिंह, सुधीर हेला, सुरेश, सुक्खू, संजय विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
विश्वकर्मा एकीकरण अभियान की ओर से भगवान विश्वकर्मा की पूजा के बाद शोभायात्रा अभियान भवन से निकाली गई। यात्रा लेबर चौराहा, कुंदन गेस्ट हाउस, बालसन चौराहा, आनंद भवन, कटरा, कचहरी, पुलिस लाइन, धोबीघाट, सुभाष चौराहा होते हुए विश्वकर्मा मंदिर कीडगंज में आकर समाप्त हुआ। यात्रा में अशोक विश्वकर्मा, सुरेश विश्वकर्मा, भुआल, शारदा विश्वकर्मा, लक्ष्मी नारायण समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।