पिता ने किसी और से तय कर दी थी शादी, 26 मई को आनी थी बारात
दुनका। पिता ने कहीं और शादी तय कर दी और शादी की तारीख करीब आई तो युवती पिता का घर छोड़ आधी रात प्रेमी के घर पहुंच गई। युवती के आधी रात प्रेमी के घर पहुंचने पर पहले हंगामा हुआ फिर दोनों पक्षों ने बैठकर आपस में बात की। लड़की प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी थी। लिहाजा दोनों पक्षों ने हामी भर दी और रात में ही मौलवी को बुलाकर दोनों का निकाह पढ़वा दिया गया।
मामला शाही थाने के एक गांव का है। लड़की अपने परिजनों के साथ एक ईंट भट्ठे पर काम करती थी। वहीं काम करने वाले गांव के एक युवक से उसका प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। लेकिन लड़की के पिता ने इस बीच बेटी की शादी कहीं और तय कर दी। 25 मई को बारात आनी थी। इससे पहले रविवार रात को करीब एक बजे लड़की घर छोड़कर गांव में ही प्रेमी के घर पहुंच गई। मान मनौव्वल के बाद भी युवती नहीं मानी तो उसके पिता ने भी प्रेमी से ही उसकी शादी के लिए हामी भर दी। जिसके बाद रात में ही मौलवी को बुलाया गया और दोनों का निकाह करा दिया गया।