दो माह के बाद प्रयागराज एयरपोर्ट पर एक बार फिर से यात्रियों की चहल कदमी होने जा रही है। कोविड-19 की वजह से 25 मार्च से बंद चल रही फ्लाइटें सोमवार 25 मई से शुरू हो रही हैं। सोमवार को प्रयागराज एयरपोर्ट से मुंबई एवं बंगलूरू की उड़ान शुरू होगी। इसके बाद 26 मई से राजधानी दिल्ली के लिए एयर इंडिया फ्लाइट शुरू करने जा रहा है। एयरपोर्ट पर यात्रियों के आगमन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो इसके लिए विमान संचालन के एक दिन पूर्व एयरपोर्ट पर अभ्यास भी किया गया।
पिछले दिनों की उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने पहले चरण में 30 फीसदी घरेलू उड़ान चालू करने का निर्णय लिया था। इसी कड़ी में सोमवार से मुंबई और बंगलूरू की उड़ान शुरू होने जा रही है। इन दोनों ही शहरों के लिए निजी विमानन कंपनी एयर बस संचालित करती है। दोनों ही शहरों की पहली उड़ान के लिए प्रयागराज से आधी सीटें बुक हो चुकी हैं। हालांकि मुंबई से यहां आने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा बताई जा रही है। सोमवार को दिन में एक बजे सबसे पहले बंगलूरू की फ्लाइट आएगी। यहां से इसकी रवानगी 1.50 बजे हो जाएगी। इसके बाद मुंबई फ्लाइट का आगमन दिन में 2.55 बजे होगा।
इसकी रवानगी दिन में 3.35 बजे होगी। उधर एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से कहा गया है थर्मल स्क्रीनिंग आदि वजहों से यात्रियों को फ्लाइट रवानगी के कम से कम से दो घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा। फ्लाइट के अंदर यात्रियों को कुछ भी खाने नहीं दिया जाएगा। इस बीच प्रयागराज से दिल्ली के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट मंगलवार 26 मई से शुरू होगी। इसके पूर्व एयरपोर्ट में विमान संचालन के एक दिन पूर्व अभ्यास किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट प्रशासन के कर्मचारी ही यात्री बने और एयरपोर्ट में इंट्री से लेकर विमान तक बैठने के दौरान जो-जो कार्य किए जाने हैँ उसे किया गया।