क्षेत्र के थानापुर में प्रथम पुलिस चौकी इंचार्ज की तैनाती का आदेश कार्यालय पुलिस उपायुक्त गंगानगर, कमिश्नरेट द्वारा जारी किया गया। इस आदेश से क्षेत्रीय लोगों में खुशी व्याप्त है। इसकी मांग स्थानीय लोगों द्वारा काफी दिनों से की जा रही थी। इस चौकी के प्रथम चौकी इंचार्ज थरवई थाने में तैनात उपनिरीक्षक अमरदेव सिंह को बनाया गया है। यह चौकी थरवई थाने से संबद्ध रहेगी।
थरवई थाना के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि थाने से यह स्थान दूर होने के कारण कोई घटना घटित होने पर पुलिस को तुरंत पहुंचने में दिक्कत आती थी। अब चौकी इंचार्ज की तैनाती होने से यहां पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग समेत पूरे क्षेत्र पर पुलिस की पकड़ और अधिक मजबूत हो जाएगी।
ग्राम प्रधान थानापुर विजय लक्ष्मी सिंह चंदेल ने कहा कि काफी दिनों से यहां पर चौकी बनाने की मांग चल रही थी। अब पुलिस चौकी इंचार्ज की नियुक्ति कर इसे भी पूरा कर दिया गया है। जमीन की व्यवस्था ग्राम सभा स्तर पर कराई जाएगी। शीघ्र ही यहां पर पुलिस चौकी भवन का निर्माण होगा।