स्थानीय कस्बा में आयोजित तीन दिवसीय रामनवमी मेले की रौनक के बीच मोबाइल चोरों का गिरोह सक्रिय रहा। मेले में उमड़ी हजारों की भीड़ जब मनमोहक झांकियों, शानदार आतिशबाजी का आनंद ले रहे थे, तभी दर्शकों के जेब पर उचक्कों ने हाथ साफ कर दिया। इस दौरान दर्जन भर से अधिक लोगों के मोबाइल फोन गायब हो गए। पीड़ित व्यक्तियों ने पुलिस विभाग की पोर्टल पर ऑनलाइन प्राथमिकी दर्ज कराई है।
लालगोपालगंज का रामनवमी मेला अपनी भव्यता के लिए प्रसिद्ध है। हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शक जब आतिशबाजी एवं विद्युत सजावट का आनंद ले रहे थे, तभी शातिर चोरों ने उनके मोबाइल पार कर दिए। कई लोग स्थानीय पुलिस चाैकी पहुंचे, जहां पीड़ितों को तत्काल कार्रवाई के लिए ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराने की सलाह दी गई। मोबाइल चोरी का शिकार हुए प्रतापगढ़ जनपद के हथिगवां थाना क्षेत्र के बिहरिया निवासी संजय साहू, कुढ़ा के मुम्ताज अहमद, अमरौना पिंडवासी के सुशील कुमार एवं बिसहिया निवासी रोहित कुमार तथा लालगोपालगंज के अधारगंज मोहल्ला निवासी मोहम्मद षाकिर समेत लगभग 12 से अधिक लोगों ने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ितों ने बताया कि वह मेले का आनंद लेने आए थे, लेकिन भीड़भाड़ का लाभ उठाकर किसी ने उनके मोबाइल फोन उड़ा लिए।