इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने अपने पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कुलदीप सिंह (केडी) को बृहस्पतिवार सुबह सर गंगा नाथ झा छात्रावास परिसर से अंतिम विदाई दी। उनकी अंतिम यात्रा छात्रावास से रसूलाबाद घाट की ओर निकली तो हजारों छात्रों एवं शिक्षकों की आंखें नम हो गईं। विवि के शिक्षकों, अधिकारियों एवं साथियों ने उन्हें अश्रुपूर्ण विदाई दी। कुलदीप का बुधवार को निधन हो गया था।
रसूलाबाद घाट पर हजारों चाहने वालों की उपस्थिति में उनके भाई प्रदीप सिंह ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर उनके पिता, मामा, मौसा, बहने एवं जीजा भी मौजूद थे। छात्रावास से अंतिम यात्रा निकलते समय इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. बीपी सिंह, प्रॉक्टर प्रो. आरकेउपाध्याय, डॉ. हर्ष कुमार, मेजर हर्ष एवं शहर उत्तरी के विधायक अनुग्रह नारायण सिंह सहित समाज से जुड़े लोग मौजूद रहे। कुलदीप सिंह इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के2013-14 में अध्यक्ष चुने गए थे। वह प्राचीन इतिहास विभाग के डॉ. हर्ष कुमार के निर्देशन में शोध कर रहे थे।
अपने होनहार छात्रनेता के निधन पर विवि की ओर से आयोजित शोक सभा में कुलपति प्रो. एनआर फारूकी, डीन आर्ट प्रो. मृदुला त्रिपाठी, रजिस्ट्रार प्रो. बीपी सिंह, प्रो. आरकेउपाध्याय, डीएसडब्ल्यू, निदेशक प्रवेश परीक्षा समिति प्रो. जगदम्बा सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, अध्यापक एवं छात्र मौजूद रहे। मिनिस्टीरियल एवं टेकिभनकल स्टाफ यूनियन की ओर से आयोजित शोक सभा में पूर्व अध्यक्ष कानन दास गुप्ता, वीके सिंह, राजेन्द्र यादव, ओपी गुप्ता उपस्थित रहे। इविवि के पूर्व अध्यक्ष एवं सपा के जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव और जिला उपाध्यक्ष विनय कुशवाहा ने केडी के निधन पर शोक जताया।
प्राचीन इतिहास विभाग जहां के कुलदीप छात्र थे, इस विभाग के शिक्षकों एवं छात्रों ने शोकसभा करके उन्हें याद किया। विभाग के शिक्षकों, कर्मचारियों, शोध छात्रों ने कुलदीप सिंह के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। इविवि वर्कर्स यूनियन की ओर से पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। शोकसभा में अध्यक्ष मुश्ताक अहमद, छोटेलाल मौर्य, अशोक यादव, राजकुमार यादव मौजूद रहे। इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में हुई शोक सभा में अंकित त्रिपाठी, योगेश्वर शुक्ल सहित कई छात्र शामिल रहे। डॉ. ताराचंद छात्रावास में हुई शोकसभा में वार्डेन, अधीक्षक के नेतृत्व में छात्रों ने श्रद्घांजलि अर्पित की। भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा के कौशल सिंह ने कुलदीप के निधन पर शोक व्यक्त किया।