इविवि एवं संघटक कॉलेजों में नए शैक्षिक सत्र में प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से नए कोर्स में प्रवेश के लिए 10 मई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इविवि की ओर से अबकी बार सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षा कराई जाएगी। विवि प्रवेश परीक्षा प्रकोष्ठ की ओर से पहली बार झांसी जिले में ऑनलाइन-ऑफलाइन परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जबकि प्रदेश से बाहर के शहरों में सिर्फ ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा होगी।
इविवि में नए सत्र में दाखिले के लिए एक से 14 अगस्त के बीच प्रवेश परीक्षा होगी। इविवि की ओर से प्रयागराज, झांसी, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, दिल्ली, कोलकाता, बंगलूरू एवं तिरुअनंतपुरम को प्रवेश परीक्षा का केंद्र बनाया गया है। प्रवेश परीक्षा प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि इस बार झांसी शहर में भी प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी, जिन शहरों के परीक्षा केंद्रों पर 100 से कम परीक्षार्थी होंगे, उसे निरस्त करके पास के शहर में परीक्षा कराई जाएगी।