बसवार गांव में रविवार रात शक्की पति कल्लू निषाद ने पत्नी अंगूरा देवी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव घर से कुछ दूर झाड़ियों में छिपा दिया। सुबह लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची तो कल्लू ने पुलिस को बरगलाना शुरू किया कि उसकी पत्नी को किसी ने मार दिया है। बाद में मायके वालों ने उसके खिलाफ तहरीर दी। पूछताछ में कल्लू ने जुर्म कुबूल कर लिया। उसे जेल भेज दिया गया।
बसवार गांव निवासी कल्लू निषाद पत्नी अंगूरा देवी (30) और मां के साथ रहता था। रविवार को उसकी मां किसी रिश्तेदार के घर गई थी। रात कल्लू शराब पीकर आया और अंगूरा से जमकर झगड़ा किया। एक दिन पहले भी दोनों में जमकर झगड़ा हुआ था। सोमवार की सुबह अंगूरा की लाश घर के पास झाड़ियों में मिली। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस कल्लू के पास पहुंची तो वह कहने लगा कि किसी ने उसकी बीवी को मार दिया है। पुलिस अभी पूछताछ कर रही थी कि अंगूरा के मायके वाले भी पहुंच गए।