शहर के नामचीन सर्जन डॉ.अशोक त्रिपाठी को फोन पर धमकी मिली है कि उन्हें परिवार समेत मार दिया जाएगा। नोएडा में रहने वाले बेटों के लिए धमकी दी गई। कई बार फोन और मिस्ड कॉल आने पर जब डॉक्टर ने धमकाने वाले से नाम-पता पूछने का प्रयास किया तो उसने फिर कहा कि वह आकर हिसाब बराबर कर लेगा। इसके बाद चिंतित होकर डॉक्टर ने अफसरों से इस बारे में बताया और बुधवार शाम कैंट थाने जाकर अज्ञात के खिलाफ केस लिखा दिया।
राजापुर में सर्कुलर रोड निवासी डॉ.अशोक त्रिपाठी अरविंद सर्जिकल एंड रिसर्च सेंटर का संचालन करते हैं। वह मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग के प्रवक्ता रहे हैं। डॉक्टर ने एसएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों को बताया कि तीन दिसंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे के बाद एक नंबर से उनके मोबाइल पर बार-बार धमकी भरी कॉल की जा रही है। पहली बार कॉल आने पर उन्होंने रिसीव किया तो फोन करने वाले ने गालियां देते हुए धमकी दी कि उन्हें परिवार समेत खत्म कर दिया जाएगा। नोएडा में रहने वाले बेटों को भी नहीं बख्शा जाएगा। धमकाने वाला लगातार कॉल करता रहा।
उन्होंने एक बार खुद उसे कॉल किया और इसकी वजह पूछी तो उसने अपने बारे में कुछ भी बताने से मना करते हुए कहा कि वह जानता है कि उनका मूल गांव जौनपुर में है। डॉक्टर ने कहा कि उसकी कॉल रिकार्ड हो रही है तो उसने कहा कि उसे पुलिस या किसी का भी डर नहीं है। बुधवार को उन्होंने अपने कर्मचारी से उस शख्स केनंबर पर फोन कराया तो उसने फिर कहा कि वह डॉक्टर से मिलकर हिसाब बराबर कर लेगा। इसके बाद डॉ.त्रिपाठी ने अधिकारियों को सूचना देने के साथ ही कैंट थाने में अर्जी दी तो पुलिस ने जांच शुरु की।