श्रृंग्वेरपुर धाम में राष्ट्रीय रामायण मेले के आयोजन को लेकर बैठक करते समिति के पदाधिकारी एवं
प्रसिद्ध पौराणिक स्थल शृंगी ऋषि की तपोभूमि एवं निषाद राज की नगरी शृंग्वेरपुरधाम में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय 36वें राष्ट्रीय रामायण मेले की कुशल संपन्नता के लिए प्रयागराज मंडल की आयुक्त सौम्या अग्रवाल मंगलवार को शाम साढ़े तीन बजे श्रीराम घाट पर गंगा पूजन करेंगी।
राष्ट्रीय रामायण मेला आयोजन समिति के महामंत्री उमेश चंद्र द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय एकता अखंडता एवं विश्वशांति को समर्पित राष्ट्रीय रामायण मेला की तिथियों की घोषणा समिति के उपाध्यक्ष सियाराम सरोज की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में तीर्थ पुरोहित समाज के अध्यक्ष काली सहाय त्रिपाठी ने की। उन्होंने बताया कि यह मेला कार्तिक शुक्ल पक्ष देवोत्थान एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक पंच दिवसीय आयोजन 1 नवंबर से प्रारंभ होकर 5 नवंबर को संपन्न होगा।
बताया कि गंगा पूजन में जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी भी शामिल होंगे। जबकि पुलिस उपायुक्त गंगानगर के साथ ही क्षेत्रीय पर्यटक अधिकारी व स्थानीय संत महात्माओं, विद्वानों, संभ्रांतजनों के साथ वरिष्ठ समाज सेवियों को आमंत्रित किया गया है। बैठक में उपस्थित प्रमुख लोगों में अधिवक्ता बलराम सिंह, समाजसेवी शिव विशाल तिवारी, सहकारी संघ कौड़िहार शृंग्वेरपुरधाम के अध्यक्ष कृष्णचंद्र पांडेय, तीर्थ पुरोहित संतोष मिश्र, सरजू चरण त्रिपाठी, माधव प्रसाद त्रिपाठी, केशव प्रसाद त्रिपाठी, जमुना चरण त्रिपाठी, रामतीर्थ, मन्नू श्रीमाली, ओम द्विवेदी, संयुक्त मंत्री अमित द्विवेदी, विनय कुमार अग्रवाल आदि शामिल रहे।