वर्षों से मरंमत की बाट जोह रहा दुघटना को दावत दे रहा लाई गांव के नाले का खस्ताहाल पुल।
- फोटो : 1
क्षेत्र के लाई गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला पुल पिछले कई वर्षों से जर्जर है। पुल की खराब स्थिति के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल कई वर्ष पहले बनाया गया था और लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। वर्तमान में पुल के किनारे टूट चुके हैं और बीच-बीच में गड्ढे हो गए हैं। बारिश के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जब नाले में पानी बढ़ने से पुल पार करना जोखिम भरा हो जाता है।
लाई गांव के लोग इसी पुल के सहारे रोजाना बाजार, स्कूल और अस्पताल आते-जाते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व प्रधान जमीलउद्दीन उर्फ इम्मन ने बताया कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से पुल के निर्माण या मरम्मत की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। गांव के लल्लू सिंह, महताब हुसैन, अब्दुल कादिर, मुनीम यादव आदि ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल का निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
इस संबंध में विधायक गुरु प्रसाद मौर्य ने बताया कि पुल के नव निर्माण के लिए सिंचाई विभाग को पत्र लिखा गया है। बजट स्वीकृत होते ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।