क्षेत्र के अरैल स्थित तपस्वी आश्रम के समीप रहने वाले एक युवक का शव बृहस्पतिवार को घर से कुछ दूर पर सड़क किनारे पेड़ में रस्सी के फंदे से लटकता मिला। वह बुधवार की रात करीब दस बजे घर से नाराज होकर निकला था। परिवार के लोग सारी रात उसकी खोजबीन कर रहे थे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला था। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दया।
अरैल के तपस्वी आश्रम (दंडी) के समीप रहने वाले मनोज निषाद का छोटा बेटा अमन निषाद (18) के काम में हाथ बंटाता था। बुधवार की रात में अमन का पिता की दवाई को लेकर भाइयों से विवाद हो गया था। जिससे नाराज अमन रात में करीब दस बजे घर से बिना किसी को कुछ बताए ही चला गया था। उसके पिता मनोज निषाद व अन्य लोग अमन को पूरी रात खोजते रहे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
बृहस्पतिवार को सुबह तपस्वी आश्रम के सामने सड़क के किनारे खड़े पेड़ की डाल में रस्सी के फंदे के सहारे अमन निषाद का शव लटकता हुआ मिला। लोगों ने देखा तो उसके घरवालों को खबर दी। घरवाले पहुंचे और पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अमन के शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पंचायतनामा करके पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेज दिया। चौकी इंचार्ज अरैल अयोध्या प्रसाद मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया तो खुदकुशी का मामला ही प्रतीत हो रहा है। उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया है।