इलाहाबाद (ब्यूरो)। संगम नगरी का एक जांबाज इन दिनों नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप पीड़ितों के लिए फरिश्ता साबित हो रहा है। भारतीय वायुसेना के 12वें ट्रांसपोर्ट स्क्वाड्रन में बतौर स्क्वाड्रन लीडर तैनात स्टेनली रोड एमआईजी कालोनी निवासी शोभित श्रीवास्तव भारी भरकम एएन-32 विमान से भूकंप पीड़ितों के लिए राहत सामग्री पहुंचाने मेें अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं।
बकौल स्क्वाड्रन लीडर शोभित श्रीवास्तव नेपाल में भूकंप आने के बाद 27 अप्रैल की रात वायुसेना मुख्यालय के रात में ही जारी ऑर्डर पर उनके समेत कमांडिंग आफिसर ग्रुप कैप्टन अमित पुष्कर, विंग कमांडर चंद्रशेखर, फ्लाइट लेफ्टिनेंट सी. कुमार की टीम ने पहले तो काठमांडू व पोखरा का हवाई भ्रमण किया और फिर सुबह विषम परिस्थितियों में बेहद छोटे पोखरा एयरबेस पर एएन-32 को उतारा। स्क्वाड्रन लीडर शोभित की टीम भूकंप पीड़ितों के लिए दो बार काठमांडू एयरपोर्ट व एक बार पोखरा एयरबेस पर जहाज उतारकर राहत सामग्री पहुंचा चुकी है।
इसके अलावा उनकी टीम पांच हजार से अधिक भूकंप पीड़ितों को नेपाल से भारत ला चुकी है। स्क्वाड्रन लीडर शोमित के मुताबिक पोखरा एयरबेस पर पहली बार इतना भारी भरकम जहाज उतारा गया जो अपने आप में इतिहास है। शोभित ने बताया कि वह सितंबर-2014 में कश्मीर में आयी भीषण बाढ़ आपदा के बाद वायुसेना की ओर से शुरू किए ‘आपरेशन मेघ’ में भी हिस्सा ले चुके हैं। उनके पिता वीके श्रीवास्तव एसबीआई में अधिकारी हैं और वर्तमान में रायबरेली में तैनात हैं जबकि मां इंदु श्रीवास्तव गृहणी हैं। भाई ईशान पुणे में नौकरी करता है जबकि पत्नी कुशिका श्रीवास्तव प्रवक्ता हैं और आगरा में कार्यरत हैं। माता-पिता के अलावा संगम नगरी के लोगों को अपने इस होनहार जांबाज पर नाज है।