इलाहाबाद (ब्यूरो)। युवाओं को जिस दिन का इंतजार बेसब्री से था, वह अब करीब ही है। अगस्त के पहले रविवार यानी दो अगस्त को फ्रेंडशिप डे पर अपने दोस्ती के रंग को और गहरा करने के लिए कोई दोस्तों के लिए खास गिफ्ट खरीद कर रहा है तो किसी ने सरप्राइज पार्टी की प्लानिंग कर रखी है।
फ्रेंडशिप डे के मौके पर बाजारों में भी एक से बढ़कर एक गिफ्ट पहुंच गए हैं। कटरा, चौक, सिविल लाइंस समेत सभी बाजारों में हर बार की तरह फ्रेंडशिप बैंड तो मौजूद हैं ही, लेकिन वैराइटी कुछ खास है। डिजाइनर कटिंग के क्रिस्टल, ग्लास और वुड की कलर्ड मोतियों के बने फ्रेंडशिप बैंड काफी आकर्षक हैं। डार्क कलर के कॉफी मग भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। सादगी पसंद लोगों के लिए कोटेशन ग्लास स्टैंड और प्लेट्स उपलब्ध है। अलग-अलग कोटेशन वाले फ्रेंडशिप कैलेंडर और कार्ड्स भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हैं।
दोस्ती के रिश्तों में मिठास घोलने के लिए अलग-अलग फ्लेवर की और डिजाइनर पैकिंग में लिपटी हुई चॉकलेट्स भी बाजारों में उपलब्ध है। पर्सनलाइज्ड गिफ्ट्स की भी काफी डिमांड है। फोटोफ्रेम्स, डायरी, वर्ल्ड क्लॉक, पेन स्टैंड, ज्वैलरीज समेत बहुत कुछ बाजारों में मौजूद हैं। विनायक सिटी सेंटर स्थित आचीर्ज गैलरी के स्टोर मैनेजर मृगांक ने बताया कि स्माइली सिरीज के गिफ्ट्स को युवा काफी पसंद कर रहे हैं। कार्ड्स ने भी अपनी जगह बरकरार रखी हुई है।