बाइक से घर जाते समय दियोसास गांव के पास किया हमला
मीरगंज। बाइक से घर लौट रहे पूर्व प्रधान पर दियोसास गांव के पास सांड़ ने हमला कर दिया। हमले में गंभीर घायल पूर्व प्रधान को एक राहगीर ने लहूलुहान पड़ा देखा तो सूचना परिवार वालों को दी। परिवार वाले उन्हें बरेली के निजी अस्पताल ले गए। जहां उनकी मृत्यु हो गई।
क्षेत्र के गांव गुलड़िया निवासी पूर्व प्रधान अनीस अहमद बृहस्पतिवार दोपहर किसी काम से मीरगंज गए थे। देर रात वह बाइक से घर लौट रहे थे। गांव दियोसास के पास सड़क पर सांड़ को खड़ा देखा तो बाइक रोक दी और सांड़ के निकलने का इंतजार करने लगे, लेकिन सांड़ हटने के बजाय उन पर हमलावर हो गया। बाइक को टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। फिर सींगों में फंसाया और पटक-पटक कर उन्हें गंभीर घायल कर दिया। मीरगंज हॉटस्पॉट होने के कारण सड़क पर आवागमन कम होने की वजह से काफी देर वह सड़क किनारे लहूलुहान पड़े रहे। एक राहगीर ने उन्हें घायल पड़ा देखकर सूचना परिवारवालों को दी। परिवारवाले उन्हें इलाज के लिए बरेली के निजी अस्पताल ले गए। जहां उन्होंने रात में ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजने की बात कही तो परिजन ने इनकार कर दिया।
अब तक दर्जनों लोगों को घायल कर चुका है सांड़
पूर्व प्रधान की जान लेने वाला सांड़ पिछले कई महीनों से दियोसास गांव के आसपास घूमता देखा जा रहा है। दियोसास के पूर्व प्रधान होरी लाल गंगवार ने बताया कि इससे पूर्व यह सांड़ गांव के शखावत, धर्मेंद्र, ब्रह्मा स्वरूप, ओमकार, बाबूराम आदि दर्जन भर लोगों को हमला करके गंभीर घायल कर चुका है। सांड़ के आतंक से ग्रामीणों में दहशत है। वह लगातार प्रशासन से इस सांड़ को पकड़ने की मांग कर रहे हैं।