शुक्रवार मई महीने का सर्वाधिक गरम दिन रहा। पारा रिकार्ड की ओर बढ़ता हुआ 44 डिग्री के करीब पहुंच गया। दिन में चटक धूप से लोगों के सिर चकराए। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक तूफान अम्फान के प्रभावहीन होकर नार्थ ईस्ट की ओर घूमने से आंधी-बारिश की संभावनाएं फिलहाल नहीं हैं। अभी तापक्रम बढ़ता ही रहेगा।
मौसम का मिजाज स्थिर हुआ है। 24 घंटे में ही अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री छलांग लगाकर 43.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान करीब दो डिग्री कम होकर 25.5 डिग्री से 23.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। बढ़ती गर्मी के साथ वातावरण में नमी का स्तर भी कम हो रहा है। आर्द्रता का स्तर अधिकतम 60 और न्यूनतम 13 प्रतिशत मापा गया। मौसम विज्ञानी प्रो. एचएन मिश्रा के मुताबिक अब तापक्रम बढ़ना तय है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाएं उड़ीसा के रास्ते नार्थ ईस्ट की तरफ बढ़ते हुए सुस्त हो गई हैं। हमें तेज गरमी के लिए तैयार रहना होगा। अगले तीन से चार दिन तक तापक्रम में वृदिध के आसार हैं। हवाओं ने जोर पकड़ा तो लू का प्रकोप भी बढ़ेगा।