The breath of the candidates will remain stuck till the appointment
प्रयागराज। एलटी ग्रेड शिक्षक शिक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की सांसें तब तक अटकी रहेंगी, जब तक उन्हें नियुक्ति नहीं मिल जाती। आयोग की ओर से 13 विषयों के चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है लेकिन इनमें से दो विषयों के अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए संस्तुति शासन को भेजी गई है। वहीं, हिंदी और सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट अब भी विवादों में फंसा है।
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के तहत 15 विषयों में शिक्षकों के 10768 पदों पर नियुक्ति होनी है। आयोग इनमें से 13 विषयों का अंतिम चयन परिणाम जारी कर चुका है और पिछले साल 24 दिसंबर तक इन सभी विषयों के चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेखों की सत्यापन प्रक्रिया भी पूरी की चुकी है। माह भर बीते गए लेकिन आयोग इनमें से संगीत और वाणिज्य विषय के अभ्यर्थियों की नियुक्ति की संस्तुति ही शासन को भेज सका है। संगीत विषय में पुरुष शाखा के आठ और महिला शाखा के 60 पद हैं, जिनका परिणाम पिछले साल क्रमश: 16 मार्च एवं पांच अप्रैल को जारी किया गया था।
वहीं, वाणिज्य विषय के 29 विषयों का परिणाम 12 अप्रैल को आया था, जिसमें 26 पद पुरुष शाखा और तीन पद महिला शाखा के हैं। बाकी 11 विषयों के चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की संस्तुति अभी नहीं भेजी गई है। पेपर लीक मामले में हिंदी और सामाजिक विज्ञान का रिजल्ट अब तक फंसा हुआ है। ऐसे में जिन विषयों का रिजल्ट आ चुका है और उन विषयों के लिए कोई संस्तुति नहीं भेजी गई है, उनमें चयनित अभ्यर्थियों की सांसें अटकी हुई हैं। उधर, आयोग के सचिव जगदीश का कहना है कि संगीत और वाणिज्य विषय के अभ्यर्थियों की संस्तुति भेज दी गई है और बाकी विषयों के अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए 10 से 15 दिनों के भीतर शासन को संस्तुति भेज दी जाएगी।