मुंबई से जौनपुर लौट रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार तड़के थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में उसका शव सड़क किनारे खून से लथपथ मिला। युवक के सिर में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना मान रही है, जबकि परिजनों ने जहरखुरानी की आशंका जताई है। युवक का एक बैग रोडवेज बस में मिलने से मामला और उलझ गया है।
जौनपुर जिले के मछलीशहर थाना क्षेत्र के गोहका गांव निवासी सुरेंद्र गौतम (30) पुत्र अमृतलाल मुंबई में निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह बीते पांच महीने से मुंबई में रहता था। पिता अमृतलाल ने बताया कि बेटा 20 फरवरी को मुंबई से ट्रेन से घर के लिए रवाना हुआ था। रविवार रात करीब 11 बजे परिजनों से फोन पर बताया था कि वह प्रयागराज के सिविल लाइंस बस अड्डे से जौनपुर के लिए बस में बैठ रहा है। देर रात करीब 2:30 बजे पत्नी प्रीति ने दोबारा फोन किया तो मौत की सूचना मिली।
उधर, बाबूगंज बाजार में एक युवक के सड़क पर पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की जेब से मोबाइल फोन, 700 रुपये नकद और ट्रेन का टिकट मिला है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
बैग बस में, शव बाजार में... उलझी कड़ियां
परिजनों ने मृतक के पास दो बैग होने की जानकारी दी है। इनमें से एक बैग बस में मिला है, जबकि सुरेंद्र का शव फूलपुर के बाबूगंज बाजार में सड़क किनारे पाया गया। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि वह सिविल लाइंस से जौनपुर जाने वाली बस में सवार हुआ था तो बीच रास्ते कैसे उतरा, क्या वह स्वयं उतरा या किसी ने उसे उतारा है?
पिता अमृतलाल ने बताया कि देर रात 11 बजे तक परिजनों से बातचीत और करीब ढाई घंटे बाद शव मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस बस कर्मचारियों से पूछताछ और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है।
सुरेंद्र के सिर में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोट सड़क हादसे में लगी या किसी अन्य कारण से। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
फूलपुर में सड़क किनारे मृत मिले युवक की मौत प्रथम दृष्टया एक्सीडेंट प्रतीत हो रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। - विवेक यादव, एसीपी फूलपुर