क्षेत्र के उल्दा गांव स्थित भरही का पूरा को कानपुर नेशनल हाईवे और लखनऊ नेशनल हाईवे से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाल है। लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण सड़क जर्जर हो चुकी है और कई जगहों पर यह पगडंडी में तब्दील हो गई है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण बताते हैं कि यह मार्ग गांव के लोगों के लिए मुख्य रास्ता है, जिसके माध्यम से लोग बाजार, स्कूल, खेत और स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचते हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं और बारिश के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है।
अपना दल एस नेता व जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बीडीसी सदस्य रामदयाल पटेल, महेंद्र पटेल, नागेन्द्र पटेल, पवन कुमार, देवदत्त पटेल आदि ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। संवाद