मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने स्कूल प्रबंधन से बिना किसी दंड के एक महीने बाद फीस लिए जाने की अपील की है। उन्होंने मंडलायुक्त, डीएम, एसएसपी को निर्देश दिया है कि वे अपने स्तर पर भी स्कूल प्र्रबंधन से इसकी अपील करें।
लॉकडाउन के बावजूद स्कूल प्रबंधकों की ओर से प्रवेश शुल्क के साथ अप्रैल, मई और जून तीन महीने की फीस के लिए अभिभावकों पर दबाव बनाया जा रहा है। ज्यादातर संस्थाओं ने इसका नोटिस जारी कर दिया है। इसके विपरीत सभी तरह के काम ठप होने की वजह से बड़ी संख्या में लोग आर्थिक तंगी से परेशान हैं। ऐसे में उनके सामने फीस जमा करने की समस्या खड़ी हो गई है। इसी परिप्रेक्ष्य में मुख्य सचिव की ओर से सोमवार को सभी मंडलायुक्त, डीएम, एसएसपी तथा अन्य अफसरों को पत्र लिखकर एक महीने बाद फीस लिए जाने की अपील करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्य सचिव ने चिकित्सीय कचरा निस्तारण के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने जिनके राशन कार्ड नहीं बने हैं उन्हें चिह्ति कर 1000 रुपये की आर्थिक मदद पहुंचाने का निर्देश दिया है। आदेश जारी किया है कि कई धार्मिक स्थलों में आय के बहुत कम स्रोत हैं। ऐसे धार्मिक स्थलों के पुजारियों, मुतवल्लियों, पादरियों, ग्रंथियों को भी आवश्यकतानुसार मदद पहुंचाई जाए। उन्होंने गाय, बंदर, स्वान आदि जानवरों के लिए भी भोजन आदि की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। मुख्य सचिव ने सभी के लिए भोजन, होम डिलेवरी की व्यवस्था सुदृढ़ करने समेत अन्य निर्देश भी दिए हैं।