इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के सभी कार्यालय खुल चुके हैं और अब परीक्षाएं कराए जाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। स्नातक अंतिम वर्ष और परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा पहले कराए जाने की तैयारी है। विद्यार्थियों की सहूलियत और सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कार्यक्रम बनाया जा रहा है। वार्षिक एवं सेमेस्टर परीक्षाओं के आयोजन को लेकर यूजीसी की ओर से गाइडलाइन जारी की जा चुकी है। इविवि प्रशासन अब गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को इविवि या किसी अन्य शिक्षण संस्थान में परास्नातक अथवा अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेना है।
परीक्षा में जितना विलंब होगा, इन छात्र-छात्राओं के सामने बाधा बढ़ती जाएगी। ठीक इस प्रकार की समस्या का सामना परास्नातक के छात्र-छात्राओं को भी करना पड़ सकता है। वहीं, इविवि प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षाओं का आयोजन कराना है। इविवि के तमाम संघटक महाविद्यालयों में पर्याप्त जगह न हो पाने के कारण महाविद्यालय प्रशासन सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षा कराने में असमर्थता जता चुके हैं। अगर इविवि प्रशासन स्नातक अंतिम वर्ष और परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा पहले कराता है तो विद्यार्थियों को सहूलियत होगी और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षाएं कराई जा सकेंगी, सो अब इसी के अनुरूप परीक्षा के आयोजन की तैयारी की जा रही है।