इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए लॉक डाउन के दौरान आवेदनों की रफ्तार भले ही धीमी हो लेकिन बीएएलएलबी के लिए सीटों की संख्या के मुकाबले पांच गुना आवेदन आ चुके हैं। हालांकि, इविवि प्रशासन ने आवेदन की अंतिम तिथि अभी घोषित नहीं की है। ऐसे में आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पिछले साल के मुकाबले इस बार कुल आवेदनों की संख्या बढ़ती है या नहीं।
पिछली बार कुल एक लाख 14 हजार आवेदन आए थे। इस बार नए सत्र के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुए 15 दिन पूर हो चुके हैं। अमूमन आवेदन की प्रक्रिया एक माह चलती है लेकिन लॉक डाउन के कारण इविवि प्रशासन ने आवेदन की अंतिम तिथि तय नहीं की है। इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए सोमवार शाम तक 72016 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए और इनमें से 28437 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली।
पिछले साल के मुकाबले इस बार 25 फीसदी आवेदन आ चुके हैं। आवेदनों की संख्या रोज बढ़ रही है और अंतिम तिथि तय नहीं है। ऐसे में आवेदनों की कुल संख्या एक लाख के ऊपर पहुंच सकती है। बीएएलएलबी के लिए अब तक 4158 रजिस्ट्रेशन हुए हैं और इनमें से 2231 अभ्यर्थियों ने आवेदन की प्रक्रिया पूरी की है। इविवि एवं सीएमपी में बीएएलबी की डेढ़-डेढ़ सौ सीटें हैं जबकि, ईश्वर शरण पीजी कॉलेज एवं एसएस खन्ना गल्र्स डिग्री कॉलेज में 75-75 सीटें हैं। इस तरह कुल 450 सीटों के मुकाबले पांच गुना आवेदन आ चुके हैं। पिछले साल बीएएलएलबी के लिए चार हजार से अधिक आवेदन आए थे।
हालांकि, सबसे अधिक 34493 रजिस्ट्रेशन बीए, बीएससी, बीकॉम, बीएफए, बीपीए जैसे स्नातक के पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए हुए हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 17222 अभ्यर्थियों ने आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। परास्नातक में प्रवेश के लिए 14790 रजिस्ट्रेशन हुए हैं और इनमें से 3664 ने आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली है।
वहीं, इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए सोमवार को आवेदनों की संख्या 400 से बढ़कर 427 पहुंच गई जबकि 9133 अभ्यर्थियों ने इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके अलावा एलएलबी के लिए अब तक 6023 एवं 2965, बीएड के लिए 1380 एवं 713, एमएड के लिए 371 एवं 203, एमबीए/एमबीएआरडी के लिए 526 एवं 265 और एलएलएम के लिए 1142 एवं 747 क्रमश: रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन हुए हैं।