प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सोमवार को उत्तर प्रदेश राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, इसकी इकाइयों, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के 71 पदों पर सीधी भर्ती का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया। इनमें 35 पद अनारक्षित, 20 पद अन्य पिछड़ा वर्ग, 15 पद अनुसूचित जाति एवं एक पद अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है।
आयोग की ओर से श्रेष्ठताक्रम में जारी अंतिम चयन परिणाम की मुख्य सूची में पवन कुमार का नाम सबसे ऊपर है और उन्होंने टॉप किया है। वहीं, मेरिट में दूसरे स्थान पर आशुतोष सिंह एवं तीसरे स्थान पर विशाल यादव का नाम है। आयोग के उप सचिव ओम प्रकाश मिश्र के अनुसार क्षैतिज आरक्षण के तहत उत्तर प्रदेश के भूतपूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित तीन पदों के सापेक्ष कोई भी अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं था। पीएच-पीडी श्रेणी के सापेक्ष उपलब्ध अभ्यर्थी निर्धारित अर्हता मानक के तहत न आने के कारण चयनित नहीं हो सका। चयन परिणाम उच्च न्यायालय में विचाराधीन याचिका श्वेता मालवीय व अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में न्यायालय द्वारा पारित होने वाले अंतिम आदेश के अधीन रहेगा।