इलाहाबाद (ब्यूरो)। बीएड और टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) पास प्रतियोगियों ने परिषदीय विद्यालयों में अध्यापकों की भर्ती शुरू करने की मांग को लेकर रविवार को खून से पत्र लिखा। इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ भवन के सामने पार्क में जुटे प्रतियोगियों ने इच्छा मृत्यु दिए जाने की भी मांग की।
प्रतियोगियों ने सीरिंज से ब्लड निकालकर सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, बेसिक शिक्षा मंत्री तथा निदेशालय के अफसरों के नाम पत्र लिखा। प्रतियोगियों का कहना था कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू हुए पांच वर्ष पूरे हो गए। इस दौरान चार बार पात्रता परीक्षा हो चुकी है। इस दौरान पांच लाख से अधिक अभ्यर्थी यह परीक्षा पास कर चुके हैं। उनका कहना था कि दो लाख से अधिक अभ्यर्थी तो 2011 में टीईटी पास हैं लेकिन भर्ती नहीं होने की वजह से नवंबर में उसकी वैधता ही समाप्त हो जाएगी। उन्होंने वैधता समाप्त होने से पहले शिक्षक भर्ती कराने की मांग की। उनका कहना था कि यदि भर्ती नहीं हुई तो वे आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार का विरोध करेंगे। रक्त पत्र लिखने वालों में संजय कुमार, अशोक सिंह, आशीष कुमार यादव आदि शामिल रहे।
प्राइवेट कालेजों पर अवैध वसूली का आरोप
इलाहाबाद। आदर्श शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की रविवार को हुई बैठक में प्राइवेट बीटीसी कालेजों में फीस के अतिरिक्त वसूली का आरोप लगाया गया। सदस्यों का कहना था कि विद्यार्थियों से 35 से 50 हजार रुपये तक अधिक वसूली की जा रही है। उन्होंने कोर्ट केस वालों के समायोजन तथा सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट उत्तर प्रदेश में भी लागू करने की मांग की। बैठक में डॉ.रुद्र प्रभाकर मिश्र, भूपेंद्र प्रताप सिंह, भारत भूषण त्रिपाठी, प्रियंका, डॉ.नीलम ओझा, कमलेश, सुरेंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।
पेंशन के लिए 13 को रैली
इलाहाबाद। आल टीचर इंप्लाई वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) की चंद्रशेखर आजाद पार्क में रविवार को हुई बैठक में पेंशन के लिए 13 नवंबर को लखनऊ में महारैली की घोषणा की गई। सदस्यों ने अधिक से अधिक लोगों के रैली में पहुंचने की अपील की। बैठक में जिला संयोजक सुरेश यादव, हरिप्रकाश यादव, राकेश यादव, सुधीर गुप्ता, रासीद गौहर आदि मौजूद रहे।
000
व्यावसायिक शिक्षकों का आज से बेमियादी अनशन
इलाहाबाद। व्यावसायिक शिक्षक संयुक्त मोर्चा की ओर से समायोजन की मांग को लेकर सोमवार से लखनऊ में माध्यमिक शिक्षा निदेशक कार्यालय के सामने बेमियादी अनशन की घोषणा की गई है। अनशन में शामिल होने के लिए इलाहाबाद के शिक्षक भी रविवार को रवाना हुए।