शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने के लिए निर्धारित समय के बाद केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों ने प्रवेश न देने पर जगह-जगह हंगामा किया। पहली पाली की परीक्षा में शहर के तीन केंद्रों पर प्रवेश न मिलने से गुस्साए परीक्षार्थी गेट तोड़ने लगे। सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। परीक्षार्थियों को संभालने में पुलिस के पसीने छूट गए। घंटों मशक्कत के बाद भी परीक्षार्थी केंद्रों पर नारेबाजी करते रहे।
जिले में रविवार को टीईटी परीक्षा के लिए 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पहली पाली में प्राथमिक वर्ग की परीक्षा के लिए 41 केंद्र बनाए गए थे। कुल 22 हजार 305 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। दूसरी पाली की परीक्षा 27 केंद्रों पर हुई। जिसमें 14 हजार 926 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इस बार परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्था की थी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से थी, मगर आधा घंटा पहले 9.30 बजे ही परीक्षार्थियों के प्रवेश के लिए समय निर्धारित किया गया था।
शहर के मालती इंटर कॉलेज, एमडीपीजी और मॉडर्न साइंस इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सुबह 9.30 बजते ही मुख्य गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद आए परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया। मालती इंटर कॉलेज में प्रवेश न मिलने से आक्रोशित परीक्षार्थी हंगामा करते हुए गेट तोड़ने का प्रयास करने लगे। सूचना मिलते ही फोर्स के साथ एसडीएम, बीएसए और सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। इस दौरान अफसरों की परीक्षार्थियों से तीखी झड़प हुई।
पुलिस ने लाठियां पटककर परीक्षार्थियों को केंद्र से दूर किया। पीएएसी बुला ली गई। काफी देर तक विरोध प्रदर्शन करने के बाद परीक्षार्थी निराश होकर लौट गए। इसी तरह एमडीपीजी कॉलेज और माडर्न साइंस केंद्र पर भी परीक्षार्थियों ने बवाल किया। वह प्रवेश को लेकर गेट पर अड़े रहे। प्रवेश न मिलने पर गेट पर ही नारेबाजी करने लगे।
3257 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
पहली पाली की प्राथमिक वर्ग की परीक्षा में 22305 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 1988 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक वर्ग की परीक्षा में 14926 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें 1257 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
कटरा रोड स्थित मालती इंटर कालेज गेट पर नारेबाजी करते टीईटी परीक्षार्थी। संवाद- फोटो : PRATAPGARH
कटरा रोड स्थित मालती इंटर कालेज में हंगामा कर रही परीक्षार्थी को गिरफ्तार कर जीप में बैठाती महिल?- फोटो : PRATAPGARH