भक्तों ने गंगा स्नान कर किया दान पुण्य
रविवार को चंद्रग्रहण से नौ घंटे पहले सूतक शुरू होने के बाद सभी मंदिर पूजन आरती के बाद बंद कर दिए गए। संगम तट पर स्थित श्री राम जानकी मंदिर, काली माता मंदिर, श्री बड़े हनुमान जी के विग्रह का मंदिर, राम मंदिर के अलावा वेणी माधव, सोमेश्वरनाथ, शिवकोटि मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिर सूतक शुरू होने पर बंद रहे। संगम तट पर श्रद्धालुओं ने पहुंचकर स्नान किया। बाढ़ के चलते लोगों ने श्री बड़े हनुमान मंदिर के पास स्नान किया। इसके अलावा रामघाट, दारागंज घाट, दशाश्वमेध घाट सहित बलुआ घाट आदि स्थानों पर श्रद्धालुओं ने गंगा और यमुना में स्नान करके दान पुण्य किया। मंदिरों के बाहर रामायण, सुंदरकांड और हरि कीर्तन के साथ ही भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।