नगर निगम ने सोमवार को तेलियरगंज और राजापुर में अतिक्रमण अभियान चलाया। इस दौरान रोड पटरी से बड़ी संख्या में दुकानें हटवाई गई। राजापुर में लोगों ने कार्रवाई का विरोध भी किया। अतिक्रमण निरीक्षक पीयूष मोहिले के नेतृत्व में शिवकुटी थाने की पुलिस के साथ नगर निगम का दस्ता दिन में तेलियरगंज पहुंचा। यहां एमएनएनआईटी के गेट से कार्रवाई शुरू हुई। दस्ते के अचानक पहुंचने से तेलियरगंज के पटरी दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान दस्ते ने पटरी से 37 गुमटी-ठेले हटाए। साथ ही सात भट्ठियां तोड़ी गईं।
यहां से दस्ता राजापुर पहुंचा। ट्रैफिक चौराहा से रीगल गेस्ट हाउस क्रासिंग तक रोड पटरी खाली कराने के बाद दस्ते ने रोडवेज वर्कशाप के आगे कार्रवाई की। यहां रोड पटरी पर ईंट, बालू रखकर धंधा करने वालों पर कार्रवाई हुई। इसे लेकर लोगों ने विरोध भी किया लेकिन दस्ते के कर्मियों और पुलिस ने लोगों को खदेड़ दिया। दस्ते ने ईंट और बल्ली जब्त करने के साथ पटरी पर रखी बालू वहीं काफी दूर तक पाट दी। यहां सुलभ शौचालय के बगल में निगम के सफाई कर्मी ने दो कच्चे कमरे भी बना लिए थे, जिसे ध्वस्त कर दिया गया।