दुष्कर्म के बाद किशोरी की गला दबाकर हत्या, कोहराम
मुंगारी टोल प्लाजा के समीप नाले पर मिला शव, हड़कंप
घर से शाम को चार बजे शौच जाने के लिए निकली थी घर से
नैनी (प्रयागराज)। औद्योगिक क्षेत्र के मुंगारी टोल प्लाजा के समीप किशोरी की गला घोटकर हत्या कर दी गई। गले में लिपटे मिले दुपट्टे से आशंका है कि कातिलों ने इसी से गला कसकर उसकी हत्या की गई। कपड़े अस्त-व्यस्त और शरीर पर खरोंच के निशान भी मिले हैं, जिससे दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और आनन-फानन में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा। पुलिस अफसरों का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
मूलत: मांडा इलाके का रहने वाला एक व्यक्ति पिछले कई सालों से औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत एक गांव में परिवार सहित रहता है। वह प्राइवेट वाहन चलाकर परिवार का भरण पोषण करता है। उसके तीन बेटे व दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर की 16 वर्षीय बेटी ने आठवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। तब से वह घर पर ही रहती थी। घरवालों ने बताया कि शुक्रवार शाम चार बजे के करीब वह घर से शौच के लिए निकली थी। एक से डेढ़ घंटे बाद करीब साढ़े पांच बजे घरवालों को सूचना मिली कि घर से करीब आधा किमी. दूर स्थित मुंगारी टोल प्लाजा के पास उसकी लाश पड़ी है।
परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे तो देखा कि किशोरी के गले में दुपट्टा कसा हुआ था। परिजन उसकी लाश लेकर घर चले गए। सूचना पर एसपी गंगापार एनके सिंह, सीओ करछना सच्चिदानंद व औद्योगिक क्षेत्र थाने की पुलिस पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर तत्काल पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। परिवार में मातम छाया हुआ है। सीओ करछना सच्चिदानंद ने बताया कि दुष्कर्म हुआ है कि नहीं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है। घरवालों ने अभी तक किसी पर शक नहीं जताया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मोबाइल से मिटा दी गई थी कॉल हिस्ट्री
इस प्रकरण में एक खास बात यह रही कि किशोरी के शव के पास ही उसका मोबाइल पड़ा मिला लेकिन, फोन की कॉल हिस्ट्री डिलीट कर दी गई थी। यही नहीं कॉन्टैक्ट लिस्ट भी खाली कर दी गई थी। पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन की सीडीआर निकलवाई जा रही है। इससे पता चल सकेगा कि किशोरी ने आखिरी बार किससे और कब बात की थी। जांच पड़ताल की जा रही है।