प्रेमी ने कपड़े से मुंह दबाया, दोस्त ने पकड़े थे पैर
एसपी यमुनापार व सीओ करछना अजीत सिंह चौहान के पूछताछ करने के दौरान तीनों आरोपियों ने जो बताया, उसे सुनकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। आरोपी बहन ने बताया कि प्रेमी ने उसके भाई के मुंह को रूमाल से दबाया और उसके दोस्त ने पैर पकड़ रखा था। कुछ देर बाद जब वह निर्जीव हो गया तो दोनों भाग निकले। संवाद
दुधमुंहे भाई की कर चुकी है हत्या
आरोपी किशोरी दो साल पहले अपने 10 माह के दुधमुंहे भाई की भी हत्या कर चुकी है। लेकिन परिजनों ने इसकी कोई शिकायत पुलिस से नहीं की थी। पिता ने बताया कि पत्नी बच्चे को बेटी की गोद में थमाकर कामकाज में लग गई थी। करीब एक घंटे बाद उसने मां को बताया कि भाई अचानक से कोई हरकत नहीं कर रहा है। परिजनों ने उस समय उसे स्वाभाविक मौत मान लिया था।
कक्षा सात तक ही पढ़ी है हत्यारोपी
आरोपी किशोरी की कक्षा सात के बाद पढ़ाई छुड़वा दी गई थी। बताया कि पास गांव के ही एक प्राइवेट स्कूल में वह पढ़ने जाया करती थी। लेकिन अक्सर वह ेघर से निकले और स्कूल न जाकर रास्ते में कहीं रुक जाती थी। वह परीक्षा भी देने नहीं जाती थी और गांव के लड़कों के साथ परीक्षा देने की जगह खेला करती थी। संवाद
कक्षा नौ के छात्र हैं दोनों आरोपी
मासूम की हत्या करने वाले किशोरी के प्रेमी व उसका दोस्त कक्षा नौ के छात्र है। मंगलवार रात से पहले भी अनुराग अपनी बहन व उसके प्रेमी को कई बार साथ में देख चुका था। अनुराग के कारण वह मिल नहीं पाते थे।
आसपास के घरों में कर चुकी है चोरी
मासूम अनुराग की हत्यारोपी बहन अपने घर के आस-पास रहने वालों के यहां कई बार चोरी भी कर चुकी है। अभी कुछ माह पहले पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने 50 हजार रुपये में अपना मवेशी बेचा था। घर आने-जाने के दौरान उसने पैसा कहां रखा है, यह देख लिया और मौका पाते ही उसमें से सात हजार रुपये उड़ा दिए थे। दो दिन बाद चोरी की बात सामने आने पर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने साढ़े छह हजार रुपये वापस किए थे।