नैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत धनुहा गांव में बृहस्पतिवार देर रात 17 वर्षीय किशोर शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। चाचा-चाची ने उसे फंदे से नीचे उतारा और परिजनों को सूचना देने के बाद स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गए।
नैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत धनुहा गांव में बृहस्पतिवार देर रात 17 वर्षीय किशोर का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। चाचा-चाची ने उसे फंदे से नीचे उतारा और परिजनों को सूचना देने के बाद स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर के पिता ने उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए नैनी थाने में शिकायत की है।
विज्ञापन
करछना थाना क्षेत्र के रोकड़ी गांव निवासी सुभाष प्रजापति का बेटा पवन प्रजापति (17) नैनी के धनुहा गांव में अपने चाचा-चाची के साथ रहता था। वह चाट-फुलकी का कारोबार करता था। बृहस्पतिवार देर रात चाचा-चाची ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पवन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता बाजार में मसाला बेचने का काम करते हैं। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां कुसुम देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। किशोर के पिता ने नैनी थाने में उसकी हत्या की शिकायत की है। नैनी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।