मुहर्रम जुलूस के दौरान घूमने निकले बहादुरगंज हटिया निवासी मोहम्मद हमजा (17) की शुक्रवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। कोतवाली क्षेत्र के सेवई मंडी के पास हल्की बारिश के बीच बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।
शहर में देर रात जगह-जगह मोहर्रम की नौवीं जुलूस निकाली गई थी। बहादुरगंज निवासी मोहम्मद कासिम का बेटा मोहम्मद हमजा भी नौवीं पर उठे मासूम अली असगर के जुलूस में शामिल था। जुलूस में बड़ी संख्या में जायरीन चल रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे जुलूस सेवई मंडी के पास से गुजर रही थी, इसी बीच बारिश शुरू हो गई।
मोहम्मद हमजा सड़क किनारे बिजली खंभे के पास खड़ा हो गया। अचानक खंभे में करंट उतर आया और वह उसके जद में आकर झुलस गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली थाना प्रभारी नितेंद्र शुक्ला ने बताया कि करंट लगने से किशोर की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।