नहर के किनारे स्थित तालाब के भीटे पर एक 16 वर्षीय किशोर की सिर कूच कर हत्या कर दी गई। सुबह ग्रामीणों ने देखा तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने काफी देर तक शव की शिनाख्त करने की कोशिश की, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। फूलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के बौड़ई कल्याणी देवी मंदिर के पास स्थित तालाब के भीटे पर बुधवार सुबह उधर से निकल रहे कुछ ग्रामीणों ने किशोर का खून से लथपथ शव देखा तो सनसनी फैल गई। देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार गौतम ने बताया कि किसी वजनी हथियार से उसके सिर पर वार कर किशोर की निर्मम तरीके से हत्या हुई है। किशोर लाल रंग की चेकदार जैकेट और नीले कलर का लोअर पहन रखा है। पुलिस में काफी देर तक मृतक किशोर के शव की शिनाख्त कराने की कोशिश में जुटी रही, लेकिन दोपहर बाद भी उसकी कोई शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आशंका जताई जा रही है कि किशोर को कहीं से लाकर यहां सिर कूंच कर हत्या करने के बाद हत्यारे शव यहां छोड़कर भाग निकले होंगे।