मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के दो वरिष्ठ शिक्षक ही आपस में भिड़ गए। उनके बीच जमकर हाथापाई हुई। मैकेनिकल के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आरके श्रीवास्तव ने इसी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर पीके मिश्रा पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने निदेशक के साथ थाने में भी शिकायत की है। हालांकि देर रात तक एफआईआर नहीं लिखी गई थी।
विभागाध्यक्ष प्रोफेसर आरके श्रीवास्तव का आरोप है कि शुक्रवार को प्रोफेसर पीके मिश्रा उनके कक्ष में आए और एक कागज पर हस्ताक्षर करने के लिए दबाव बनाने लगे। जबकि, वह अगले सेमेस्टर का मामला था। इस पर प्रोफेसर आरपी मिश्रा ने उनके कक्ष में ही मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने जान से मारने की भी धमकी दी। प्रोफेसर श्रीवास्तव का कहना है कि उन्होंने निदेशक के साथ थाने में भी तहरीर दी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में उन्हें जान का खतरा बना हुआ है। इसकी वजह से वह घटना के बाद से घर से बाहर भी नहीं निकले हैं। निदेशक प्रोफेसर पी.चक्रवर्ती का कहना है कि जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष संतोष शर्मा का कहना है कि संस्थान प्रशासन घटना की जांच कर रहा है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।