Teachers accused of beating the teacher beaten in the premises
शिक्षक पर हमले के आरोपियों
की कचहरी परिसर में पिटाई
0 छह मुल्जिमों को गिरफ्तार कर लाया गया था रिमांड के लिए
0 वरिष्ठ वकीलों ने बीचबचाव कर शांत कराया, पहुंची फोर्स
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। सोरांव के शास्त्री नगर स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में अध्यापक पर हमला करने के छह आरोपियों को कचहरी परिसर मेें पीट दिया गया। उनके कपड़े तक फट गए। सूचना पर कई थानों की फोर्स लेकर सीओ कर्नलगंज मौके पर पहुंचे। इसके बाद किसी तरह आरोपियों को निकालकर नैनी जेल पहुंचाया गया।
घटना बृहस्पतिवार को शाम करीब चार बजे की है। सोरांव के आदर्श इंटर कॉलेज मेें दो दिन पहले अध्यापक शिवबाबू पांडेय पर परिसर में ही जानलेवा हमला हुआ था। इसमें गिरफ्तार किए गए छह आरोपी बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किए गए। इनमें राहुल, रवि, वीरेंद्र, संजय व एक अन्य शामिल थे। आरोपियों का रिमांड बनवाकर सोरांव थाने के दरोगा अशोक शर्मा उन्हें लेकर निकल ही रहे थे कि तभी परिसर में मौजूद कुछ लोगों ने मुल्जिमों को पीटना शुरू कर दिया। लात-घूंसों से उन्हें जमकर पीटा गया। बीचबचाव पर दरोगा व सुरक्षा में लगे सिपाहियों से भी धक्कामुक्की की गई। इससे वहां अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे जेपी पांडेय व अन्य अधिवक्ताओं ने किसी तरह बीचबचाव किया तब आरोपियों की जान बची। सूचना मिली तो कर्नलगंज के साथ ही कई थानों की फोर्स बुला ली गई। इसके बाद मुल्जिमों को सुरक्षिति निकालकर नैनी जेल में ले जाकर दाखिल कराया गया। मामले में कर्नलगंज इंस्पेक्टर का कहना है कि उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। मारपीट की जानकारी मिली थी जिस पर मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाकर निकाला गया।