कोरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत छड़ीगड़ा मोड़ के पास मायके से राखी बांधकर बेटी के साथ स्कूटी से लौट रही शिक्षिका को कार ने टक्कर मार दी। अचेत अवस्था में उन्हें सीएचसी कोरांव ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जबकि आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया।
शिक्षिका पूनम पांडे पत्नी रमेश कुमार पांडे (45) निवासी ग्राम बेलन बरौधा लालगंज जिला मिर्जापुर सुबह घर से बेटी रागिनी (17) के साथ स्कूटी से मायके कोरांव के खजूरी गांव में भाइयों को राखी बांधने के लिए आई थीं। कोरांव छड़ीगड़ा मोड़ के पास करीब साढ़े पांच बजे विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने शिक्षिका की स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां-बेटी दूर जा गिरीं। पूनम को गंभीर चोटें आईं। जबकि रागिनी भी खून से लथपथ थी।
राहगीरों की मदद से दोनों को सीएचसी कोरांव ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने शिक्षिका को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे मायके के लोगों ने शिक्षिका की मौत की खबर सुन रोना शुरू कर दिया।
मृतका के पिता कमलाकांत पांडे ने बताया कि बेटी बरौधा गांव के प्राथमिक विद्यालय में कई वर्षों से शिक्षामित्र थी। पूनम को तीन बेटियां व एक बेटा दिव्यांश है। दामाद ठेकेदारी करते हैं। सीएचसी के डॉक्टर राजेश सिंह ने बताया कि महिला को जब लोग सीएचसी ले आए तो उसकी मौत हो चुकी थी।