यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सोमवार से शुरू हो गया। लेकिन, पहले ही दिन शासन की ओर से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी निर्देश का पालन केंद्रों पर होता नहीं दिखा। केंद्रों पर परीक्षक एक मीटर की दूरी पर न बैठे नजर आए और न ही लिक्विड साबुन, सेनेटाइजर, डिस्पोजल टॉवल, नैपकिन, बेस्ट पेपर, बास्केट डिस्पोजल ग्लास आदि की व्यवस्था ठीक से नहीं की गई है। कुछ मूल्यांकन केंद्रों पर प्रधानाचार्यों की ओर से अपने खर्च पर व्यवस्था की कोशिश की गई है, जबकि अधिकांश केंद्रों पर इंतजाम नहीं दिखे। इसे लेकर परीक्षकों में आक्रोश भी रहा।
वहीं मूल्यांकन केंद्रों के उप नियंत्रकों एवं प्रभारियों का कहना है कि यूपी बोर्ड की ओर से कोरोना से बचाव के लिए संसाधन उपलब्ध कराने के लिए बजट की व्यवस्था नहीं की गई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पर जहां प्रधानाचार्या डॉ. इंदु सिंह ने खुद बचाव के उपाय किए, वहीं केएन काटजू इंटर कॉलेज, भारत स्काउट गाइड इंटर कॉलेज, जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज सहित दूसरे अन्य केंद्रों पर जिस कमरे में मूल्यांकन चल रहा था, वहां सफाई तक नहीं की गई थी।
यूपी बोर्ड सचिव से मिलकर बताई परेशानी
माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के प्रदेश महामंत्री लालमणि द्विवेदी का कहना है कि शिक्षा निदेशक की ओर से जारी 11 बिंदुओं की गाइडलाइन के अनुरूप मूल्यांकन केंद्रों पर कोई व्यवस्था नहीं की गई है। यूपी बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर उन्होंने मांग की कि मूल्यांकन केंद्रों पर साफ-सफाई के साथ कोरोना से बचाव के उपाय किए जाएं। सरकार एवं बोर्ड के रवैये के चलते प्रदेश के डेढ़ लाख शिक्षक अपने स्वास्थ्य को जोखिम में डालकर मूल्यांकन को विवश हैं। शिक्षक नेता का कहना है कि यदि उनकी सुनवाई नहीं हुई को 18 मार्च को उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे।
एमएलसी ने किया दौरा
शिक्षक नेता एवं इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र के एमएलसी डॉ. यज्ञदत्त शर्मा ने मूल्यांकन के पहले दिन केंद्रों का दौरा करके शिक्षकों से मुलाकात की। उन्होंने प्रमुख सचिव माध्यमिक की ओर से जारी दिशा निर्देश के अनुरूप मूल्यांकन केंद्रों पर व्यवस्था करने की मांग की। डॉ. शर्मा ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव से इस संबंध में बात किया, इस बारे में सचिव ने आश्वस्त किया कि जिला विद्यालय निरीक्षकों को मूल्यांकन केंद्रों पर कोरोना से बचाव का निर्देश दिया जाएगा।