खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) के 309 पदों पर भर्ती के लिए 22 मार्च को प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है। कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर अभ्यर्थी परीक्षा तिथि बढ़ाए जाने की मांग कर रहे हैं लेकिन परीक्षा तिथि टलने के आसार बहुत कम हैं। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी कर चुका है और परीक्षा के आयोजन की तैयारी भी पूरी है।
परीक्षा को महज छह दिन शेष रहे गए हैं और परीक्षा टाले जाने के मामले में आयोग ने अभी कोई निर्णय नहीं लिया है। ऐसे में स्पष्ट संकेत हैं कि आयोग 22 मार्च को बीईओ भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन कराने जा रहा है। आयोग के सूत्रों का भी कहना है कि परीक्षा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही कराई जाएगी लेकिन आयोग का कोई अफसर इस बारे में आधिकारिक रूप से बोलने को तैयार नहीं है। फिलहाल आयोग में प्रारंभिक परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं और परीक्षा केंद्र भी निर्धारित हो चुके हैं।
उधर, अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को फिर से ईमेल भेजकर परीक्षा तिथि आगे बढ़ाए जाने की मांग की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जिन जिलों में बीईओ भर्ती परीक्षा के केंद्र बनाए गए हैं, उनमें से कई जिले कोराना वायरस से प्रभावित हैं। ऐसे में परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों पर कोरोना वायरस संक्रमण का खतरा मंडराता रहेगा। अभ्यर्थियों का कहना है कि तमाम प्रदेशों में 22 मार्च तक स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। कई राज्यों में 31 मार्च तक स्कूल-कॉलेज बंद हैं। बंद किए गए स्कूलों को ही परीक्षा केंद्र बनाया गया है और परीक्षा के दौरान वहां अभ्यर्थियों की भीड़ जुटेगी, जो कोरोना वायरस से बचाव के लिए जारी सरकार की गाइडलाइन के विपरीत है।