सिविल लाइंस स्थित नामी स्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का आरोपी शिक्षक सुनील दुआ बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि उसे रोडवेज बस स्टैंड के पास से पकड़ा गया। घटना के बाद वह दिल्ली भाग गया था। सिविल लाइंस निवासी छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला तब सामने आया जब उसने खुद इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने साथ हुई दरिंदगी की दास्तां बयां की थी। बताया था कि छह साल पहले ट्यूशन पढ़ाने आने वाले शिक्षक सुनील दुआ ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया था।
छात्रा के पिता ने बेटी का साथ देते हुए उसके साथ हुई ज्यादती की बात अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से लोगों के साथ शेयर की। 14 अप्रैल की रात छात्रा को लेकर उसके माता-पिता सिविल लाइंस थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि आरोपी शिक्षक मीरापुर का रहने वाला है और वह कुछ दिनों तक जार्जटाउन में भी रहा। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी के बाद वह दिल्ली भाग निकला। उसकी तलाश में एक टीम दिल्ली भी भेजी गई थी। एसएसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार को उसे रोडवेज बस स्टैंड के पास से उस वक्त गिरफ्तार किया गया जब वह भागने की फिराक में था। पुलिस की गिरफ्त में आरोपी ने बताया कि वह कैंसर का मरीज है।