प्रयागराज। टीबी मरीजों के इलाज के लिए तेलियरगंज में स्थित टीबी अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं और इलाज को बेहतर बनाने के लिए जल्द ही बड़े बदलाव होंगे। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इसके लिए दो करोड़ 43 लाख रुपये का बजट प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। एडी हेल्थ के स्तर से भेजे गए प्रस्ताव पर शासन की ओर से मुहर लगते ही सुविधाओं को बढ़ाने के लिए जरूरी कार्य शुरू किए जाएंगे।
तेलियरगंज में टीबी मरीजों के इलाज के लिए बने अस्पताल में जिले के अलावा प्रतापगढ़, कौशाम्बी, संत रविदास नगर भदोही, मिर्जापुर समेत आस- पास के कई अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं, लेेकिन अस्पताल में मरीजों के भर्ती होने के लिए एक भी निजी रूम नहीं हैं, जिससे मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और दवा लेकर लौटना पड़ता है। ऐसे में टीबी अस्पताल के विस्तार के लिए लंबे समय से कवायद चल रही है। इसी को देखते हुए एडी हेल्थ की तरफ से महाकुंभ के पहले टीबी अस्पताल में पांच नए प्राइवेट रूम और एक लाॅन्ड्री का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कराकर उसे महानिदेशक स्वास्थ्य कार्यालय को भेज दिया गया है।
इसके अलावा अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अन्य कई सुविधाएं बढ़ाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। पांच नए प्राइवेट रूम और लाॅन्ड्री निर्माण के लिए दो करोड़ 43 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसको सितंबर 2024 तक पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इससे कुंभ में आने वाले मरीजों को भी इलाज के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेगी। इस बारे में संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य बीके मिश्रा ने बताया कि कुंभ 2025 के पहले निर्माण कार्य पूरा किया जाना है। इससे कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को उनकी जरूरत के हिसाब से प्राइवेट रूम में भर्ती कराया जा सकेगा। जहां तक प्राइवेट रूम के दर की बात है, तो उसका निर्धारण निर्माण पूरा होने के बाद होगा।