इलाहाबाद। अगर आपको अपने मतदाता पहचान पत्र में कोई संशोधन कराना है या वोटर आईकार्ड गुम हो गया है और डुप्लीकेट बनवाना है तो इसके लिए लंबा इंतजार नहीं करना होगा। महज 25 रुपये शुल्क अदा कर दूसरा कार्ड बन जाएगा। खास यह कि नया वोटर आईकार्ड रंगीन होगा। इसके लिए इलाहाबाद में मशीन लगा दी गई है। पिछले दिनों हुए वोटर लिस्ट पुनरीक्षण के दौरान जो लोग नए मतदाता बने हैं, उनके कार्ड बनाए जा रहे हैं। यह काम पूरा होने के बाद संशोधन और डुप्लीकेट आईकार्ड जारी करने का काम शुरू किया जाएगा।
संशोधित और डुप्लीकेट वोटर आईकार्ड के लिए भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से नया सॉफ्टवेयर जारी कर दिया गया है। हालांकि इस सॉफ्टवेयर पर अब तक काम शुरू नहीं किया जा सका है जबकि इसके लिए मतदाताओं की लंबी कतार लगी है। दरअसल, पिछले दिनों हुए वोटर लिस्ट पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मतदाता पंजीकरण फॉर्म भरे गए। पुनरीक्षण के दौरान 56 हजार नए मतदाता बने और अब इन सभी का रंगीन वोटर आईकार्ड बनाया जा रहा है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कृष्ण कुमार बाजपेयी का कहना है कि एक हफ्ते में सभी विधानसभा क्षेत्रों का वोटर आईकार्ड बनकर तैयार हो जाएगा और उसके बाद संशोधित और डुप्लीकेट आईकार्ड बनाने का काम शुरू किया जाएगा। संशोधित और डुप्लीकेट वोटर आईकार्ड के लिए आवेदकों को फॉर्म-8 भरकर उसके साथ 25 रुपये शुल्क जमा करना होगा।