मंगलवार को करछना में आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी संजय कुमार ने लापरवाही पर तहसीलदार, लेखपाल सहित थानाध्यक्ष करछना, औद्योगिक क्षेत्र, घूरपुर व उपनिरीक्षक कौंधियारा का वेतन रोक दिया। तहसील दिवस के दौरान डीएम ने खंड विकास अधिकारी करछना को कार्य प्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी देने के साथ एडीओ पंचायत का कार्य संतोषजनक नहीं मिलने पर उनको प्रतिकूल प्रविष्टि दी। साथ ही वेतन वृद्धि रोकने का आदेश दिया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने एवं सीडीओ सैमुअल पाल एन को मनरेगा के कार्यों की जांच करने को कहा।
जिलाधिकारी ने वरासत के मामले में बड़गोहना के पूर्व लेखपाल परमात्मा पांडेय को निलंबित कर दिया। डीएम ने जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में कार्रवाई न करने पर कौंधियारा थानाध्यक्ष, उप निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह सहित थानाध्यक्ष करछना, थानाध्यक्ष औद्योगिक क्षेत्र तथा थानाध्यक्ष घूरपुर का वेतन रोकने का आदेश जारी किया। उन्होंने जमीन से संबंधित मामले में 15 दिन के भीतर निस्तारण करने का आदेश दिया अन्यथा लेखपाल, कानूनगो, नायब तहसीलदार, तहसीलदार की वेतनवृद्धि रोकने की चेतावनी दी। डीएम ने हरदुआ के लेखपाल नफीस अहमद तथा मंझगवां के लेखपाल अशोक पांडेय तथा अरैल के लेखपाल रामायण प्रसाद का वेतन रोकने का आदेश दिया। डीएम ने एसडीएम एवं सीओ करछना से संयुक्त टीम बनाकर अवैध कब्जों पर कार्रवाई करने को कहा।
मंडलायुक्त ने तहसील स्तर के अधिकारियों को चेताया
इलाहाबाद। मंडलायुक्त ने जन शिकायतों के मामले में लेटलतीफ करने पर तहसील स्तर के कर्मचारियों को चेतावनी दी है। तहसील दिवस में स्वयं उपस्थित रहकर वह समस्याओं के निस्तारण के लिए आगे आ रहे हैं। मंडलायुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक ने कौशांबी जिले के सदर तहसील का निरीक्षण किया। वहां शिकायतकर्ताओं से बात की। उन्होंने मंडल के सभी तहसीलदारों को चेतावनी दी है कि शिकायतों एवं मुकदमों को 45 दिन के अंदर निस्तारित करें।